हनुमानगढ़। वसंत पंचमी के मौके पर शुक्रवार को जंक्शन स्थित सचखंड कॉन्वेंट स्कूल में विधि-विधान से हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं विद्यार्थियों की उत्तम शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना करना रहा। हवन यज्ञ में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावकों ने सहभागिता निभाई। यज्ञ के मुख्य यजमान विद्यालय के संस्थापक मलकीत सिंह मान एवं गुरपाल कौर रहे। उन्होंने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार आहुतियां अर्पित कर विद्यालय की निरंतर प्रगति और विद्यार्थियों की सफलता की कामना की।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जिससे संपूर्ण विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से ओतप्रोत हो गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश पारीक सहित सभी शिक्षकों ने हवन यज्ञ में हिस्सा लिया और विद्यार्थियों को वसंत पंचमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी अनुशासन एवं श्रद्धा के साथ हवन में हिस्सा लेकर भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अनुभव प्राप्त किया।

प्राचार्य डॉ. रमेश पारीक ने कहा कि बसंत पंचमी ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना का पर्व है, जिसका शिक्षा संस्थानों में विशेष महत्व है। इसी उद्देश्य से विद्यालय में प्रतिवर्ष हवन यज्ञ का आयोजन किया जाता है, ताकि विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो और वे एकाग्रता के साथ अध्ययन कर सकें। विद्यालय प्रबंध समिति सदस्य हरवीर सिंह सरां ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और एकाग्रता के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई। हवन यज्ञ के समापन पर सभी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं सद्भाव के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
