– गुरदासपुर विधायक गुरदीप सिंह बोले-जनता बदलाव का मन बनाए तो जाग सकती है वार्ड की किस्मत; सुभाष ने गिनाए विकास से जुड़े स्थानीय मुद्दे
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर टाउन के वार्ड नंबर 34 में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बुधवार को आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुभाष पारीक के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर आयोजित चुनावी सभा में पंजाब के गुरदासपुर से विधायक गुरदीप सिंह ने कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों को संबोधित करते हुए सुभाष पारीक के पक्ष में मतदान की अपील की। विधायक गुरदीप सिंह ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों को जनता लंबे समय से देखती और परखती आ रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी को मिले जनसमर्थन को आम आदमी की ताकत बताते हुए कहा कि जनता यदि बदलाव का मन बना ले तो परिस्थितियां बदल सकती हैं। उन्होंने वार्डवासियों से सुभाष पारीक को अपना भाई और बेटा मानकर मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि जनता ने उन्हें चुना तो सुभाष पारीक की ही नहीं, बल्कि वार्ड नंबर 34 की भी किस्मत बदल सकती है। गुरदीप सिंह ने पंजाब की भगवंत मान सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब में बिजली व्यवस्था में सुधार हुआ है और ट्यूबवेलों के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में प्रत्येक परिवार को दस लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।
स्थानीय मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में सुभाष पारीक
आप प्रत्याशी सुभाष पारीक ने कहा कि वार्ड नंबर 34 में आम आदमी पार्टी को लेकर लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों ने पूर्व में कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों को लगातार अवसर दिया, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। पारीक ने आरोप लगाया कि वार्ड में सड़कों, नालियों और स्ट्रीट लाइटों से जुड़े कार्य लंबे समय से अटके हुए हैं। जगह-जगह नालियां बंद पड़ी हैं और सफाई व्यवस्था भी बदहाल है। उन्होंने कहा कि आवास योजना से जुड़ी फाइलें भी आगे नहीं बढ़ पा रही हैं।

उन्होंने कहा कि गुरुनानक नगर सहित वार्ड की अन्य अप्रूव्ड कॉलोनियों के पट्टे नहीं बन पाने का मुद्दा भी गंभीर है। इन कॉलोनियों को कन्वर्ट करवाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। पारीक ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर वह करीब दस वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं और आगे भी वार्डवासियों की आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड के मतदाताओं ने बड़ी उम्मीद के साथ उन्हें आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव मैदान में उतारा है और उन्हें विश्वास है कि जनता इस बार उन्हें अपना समर्थन देकर विजयी बनाएगी। चुनावी कार्यालय उद्घाटन के दौरान आप जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल, राजवीर माली सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
