हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड, जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ का चतुर्थ जिला परिषद वार्षिक अधिवेशन शनिवार को जंक्शन स्थित जाट भवन में आयोजित किया गया। अधिवेशन में गत सत्र की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए वर्ष 2026-27 के वार्षिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई तथा विभिन्न प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। बैठक में स्काउट एवं गाइड संगठन की ओर से पिछले सत्र में संचालित गतिविधियों का मूल्यांकन किया गया। साथ ही आगामी सत्र में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण, सेवा, नेतृत्व विकास एवं अन्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई। अधिवेशन में संगठन के नीति-नियमों एवं सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए जिला संघ, स्थानीय संघ, मंडल संघ तथा राज्य संघ स्तर पर आयोजित गतिविधियों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने, सदस्य संख्या में गुणात्मक एवं संख्यात्मक वृद्धि करने तथा संगठन के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान संगठन की आय-व्यय का विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसका मूल्यांकन करने के बाद आगामी वित्तीय वर्ष के बजट पर चर्चा कर उसे अनुमोदित किया गया। साथ ही स्काउट-गाइड आंदोलन को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी विचार-विमर्श हुआ। अधिवेशन में सहायक राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) बीकानेर मंडल रामजस, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) एवं जिला कमिश्नर जितेन्द्र बठला, प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर सुरेन्द्र कुमार, ट्रेनिंग काउंसलर भूपेन्द्र कौशिक सहित स्काउट-गाइड संगठन से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
