– स्वास्थ्य विभाग पर भेदभाव का लगाया आरोप, समस्या का समाधान नहीं होने पर धरने की चेतावनी
हनुमानगढ़। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से नाराज पीलीबंगा निवासी आरएमपी चिकित्सक महेंद्र कुमार शुक्रवार को परिवार सहित जिला कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के आधार पर उन्हें कार्रवाई का डर दिखाया जा रहा है, जबकि क्षेत्र में अन्य आरएमपी चिकित्सक भी काम कर रहे हैं। महेंद्र कुमार ने प्रशासन से मामले का समाधान करवाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो वह शनिवार से परिवार सहित धरने पर बैठेंगे। महेंद्र कुमार का आरोप है कि हर साल अक्टूबर माह में प्रकाशित होने वाली झोलाछाप चिकित्सकों से संबंधित खबर के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि वह भी पीलीबंगा में अपना चिकित्सालय संचालित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पहले ही विभागीय कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित राहत देने की मांग की। महेंद्र कुमार ने बताया कि वह करीब 20 वर्षांे से सरकारी स्वास्थ्य शिविरों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुसार, उनका बेटा बीएएमएस और बेटी बीपीटी की पढ़ाई कर रही है। विभागीय कार्रवाई के कारण आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं और बच्चों की आगे की पढ़ाई की फीस जुटाना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह अपनी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं और न्याय मिलने तक संघर्ष करेंगे।
