हनुमानगढ़। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने एक वृद्ध महिला को कथित रूप से बंधक बनाकर उसकी संपत्ति और बैंक खातों का दुरुपयोग करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। न्यायालय में दायर इस्तगासा के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव गोदारा निवासी 53 वर्षीय रविन्द्रराज सिंह पुत्र जगत सिंह ने न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि उनकी 85 वर्षीय बुआ गुरदेव कौर को कुछ लोगों ने कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने कब्जे में रखा हुआ है। परिवादी का आरोप है कि वृद्धावस्था और मानसिक स्थिति का लाभ उठाकर आरोपियों ने गुरदेव कौर को बंधक बनाकर रखा तथा उनकी संपत्ति और बैंक खातों का दुरुपयोग किया। इस्तगासा में गंगागढ़ निवासी राजेन्द्र सिंह, गुरप्रीत कौर, नई खुंजा निवासी भूर कौर, हरपाल कौर, देवेन्द्र, किरपानन्द सहित 7-8 अन्य लोगों को नामजद किया गया है। परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की और वृद्ध महिला की संपत्तियों को बेचने का प्रयास किया। न्यायालय से प्राप्त इस्तगासा की जांच के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपों की विस्तृत जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
