हनुमानगढ़। क्षेत्र के निवासी बलराम कलवासिया (अंग्रेजी) और चरणजीत डाल (राजनीति विज्ञान) के व्याख्याता पद पर पदोन्नत होने पर सोमवार को समाज के नागरिकों की ओर से उनका सम्मान किया गया। इस मौके पर दोनों शिक्षकों को माल्यार्पण कर व मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं। सम्मान समारोह में चरणजीत डाल ने कहा कि पदोन्नति एक विभागीय प्रक्रिया है, जिसे सरकार समय-समय पर लागू करती है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने कार्य के साथ-साथ समाज के सहयोग को भी दिया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें और उन्हें उच्च शिक्षण संस्थानों में भेजें, ताकि वे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर उच्च पदों पर आसीन हो सकें। उन्होंने समाज में बढ़ती नशावृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सही परवरिश आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखें और उन्हें अच्छे संस्कार दें। वहीं बलराम कलवासिया ने कहा कि प्रमोशन उन्नति का प्रतीक है और इससे व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने शिक्षक साथियों से आह्वान किया कि वे 36 कौम को साथ लेकर चलें और सभी विद्यार्थियों के साथ समान भाव से व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक का कर्तव्य है कि वह हर बच्चे को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे और उसके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। इस मौके पर मौजूद नागरिकों ने दोनों शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
