जयपुर। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शेखावाटी क्षेत्र तक यमुना का पानी पहुंचाने की प्रस्तावित परियोजना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। डोटासरा ने नए समझौते (एमओयू) को लेकर राजस्थान के हितों से समझौता किए जाने की आशंका जताते हुए कई सवाल उठाए हैं। डोटासरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि शेखावाटी की जनता को केवल एमओयू नहीं, बल्कि अपने हिस्से का पूरा पानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले ढाई वर्षों से केवल एमओयू का खेल खेल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल के हालिया बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि 17 जून 2024 को हुए एमओयू का जिक्र अब तक केवल कागजों और भाषणों तक सीमित रहा। डोटासरा ने सवाल किया कि यदि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब फिर नया एमओयू होने जा रहा है, तो पहले वाले समझौते की वास्तविक स्थिति क्या थी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि विधानसभा में जिस एमओयू का हवाला दिया गया और जिसके आधार पर बयान दिए गए, क्या वह पूरी तरह प्रभावी था या नहीं। डोटासरा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के उस कथित बयान पर भी चिंता जताई, जिसमें राजस्थान को “ऊपरी पानी” देने की बात कही गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान के हितों के साथ एक और समझौते की तैयारी की जा रही है। उन्होंने यह भी आशंका व्यक्त की कि हरियाणा के जिन गांवों से होकर राजस्थान के लिए पाइपलाइन गुजरेगी, वहां बीच रास्ते में पानी लिए जाने की संभावना बनी रहेगी। डोटासरा ने मुख्यमंत्री से स्पष्ट जवाब मांगते हुए कहा कि सरकार बताए कि क्या राजस्थान की पाइपलाइन से हरियाणा एक बूंद भी पानी नहीं लेगा। डोटासरा ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र की जनता अपने अधिकार का पूरा पानी चाहती है और राजस्थान के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
