हनुमानगढ़। आगामी चैत्र मास नवरात्र मेले को लेकर मां भद्रकाली क्षेत्र विकास सेवा समिति ने मेला व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग उठाई है। इस संबंध में समिति पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर मंदिर क्षेत्र में विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की। समिति अध्यक्ष यशवंत सिंह ने बताया कि मां भद्रकाली क्षेत्र विकास सेवा समिति हर वर्ष चैत्र मास नवरात्र मेले के दौरान मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं और पैदल यात्रियों के लिए ठंडे पानी की प्याऊ, छबील और विश्राम जैसी व्यवस्थाएं करती रही है। इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन में मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री योजना के तहत बने शौचालयों के उचित संचालन तथा श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रतिदिन साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने की मांग की गई। इसके साथ ही टाउन और जंक्शन की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर की ओर जाने वाली सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर आवागमन सुगम बनाने का भी अनुरोध किया गया। समिति ने टाउन मंदिर रोड से भारतमाला रोड तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने की मांग भी उठाई, ताकि देर रात आने वाले पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा मंदिर परिसर में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने की भी मांग की गई। ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया कि टाउन और जंक्शन से मंदिर की ओर जाने वाले मार्गांे पर देवस्थान विभाग की ओर से मां भद्रकाली ऐतिहासिक मंदिर के बड़े और आकर्षक साइन बोर्ड लगाए जाएं तथा सड़क के दोनों तरफ उचित सफाई व्यवस्था की जाए। साथ ही भारतमाला रोड से लगभग 500 मीटर दूरी पर स्थित मंदिर की जानकारी देने के लिए वहां भी साइन बोर्ड लगाए जाएं, जिससे अमृतसर से जामनगर जाने वाले यात्रियों को भी इस ऐतिहासिक मंदिर की जानकारी मिल सके और हनुमानगढ़ का यह मंदिर पर्यटन स्थल के रूप में अपनी पहचान बना सके। समिति ने यह भी मांग की कि टाउन से मंदिर तक मेला शुरू होने से पहले सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करवाया जाए तथा मार्ग के दोनों ओर छायादार पौधों का रोपण कर सड़क का सौंदर्यीकरण किया जाए। समिति पदाधिकारियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। इस मौके पर समिति सचिव सुरेन्द्र सिंह शेखावत और कोषाध्यक्ष मोहम्मद असलम भी मौजूद रहे।
