हनुमानगढ़। श्री गौशाला सेवा समिति (कोहला) के मंदिर परिसर में श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा, वैदिक हवन एवं विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का भव्य और पावन आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के मुख्य यजमान मनीष अग्रवाल पुत्र श्री गोपाल अग्रवाल, मुंबई रहे।

विधि-विधान से पूजन, मंत्रोच्चारण एवं धार्मिक अनुष्ठान लखन शास्त्री के सानिध्य में संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रों की गूंज और भक्तिमय वातावरण के बीच श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की गई, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का माहौल बना रहा। इस पावन अवसर पर हनुमानगढ़ के विधायक गणेश राज बंसल ने भी उपस्थित होकर आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और ऐसे धार्मिक आयोजनों को समाज में एकता, संस्कृति और आस्था को मजबूत करने वाला बताया। कार्यक्रम में देवेंद्र पारीक (पूर्व पार्षद), मनोहर लाल बंसल (अध्यक्ष, गौशाला सेवा समिति), भादर राम यादव (उपाध्यक्ष, ग्राम सेवा सहकारी समिति कोहला), रामलाल किरोड़ीवाल (फूड एसोसिएशन हनुमानगढ़), संतराम जिंदल, रमेश जुनेजा, भूषण जिंदल तथा विजय रांता सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में गौशाला सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सराहनीय योगदान दिया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
