-13 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप मामले में तीन होटल ध्वस्त, 14 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग से दरिंदगी के बाद प्रशासन सख्त, होटल खुंगर, जॉय इन और सफायर तोड़े गए
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन होटलों को ध्वस्त कर दिया। बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौके पर पहुंची और जेसीबी व हाइड्रोलिक मशीनों की मदद से होटल खुंगर, जॉय इन और होटल सफायर को गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया गया। गौरतलब है कि 23 जून को पुलिस ने शहर के एक होटल में छापेमारी की थी, जहां से 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को कथित तौर पर बंधक अवस्था में बरामद किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होटल संचालक और मैनेजर उसे होटल में रखकर अन्य लोगों को बुलाते थे और उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करवाते थे। पीड़िता के अनुसार, एक रिक्शा चालक उसे होटल संचालकों के पास ले गया था।

घटना के सामने आने के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया और लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन किए। बढ़ते जनदबाव के बीच प्रशासन ने तीनों होटलों पर बुलडोजर कार्रवाई की। बुधवार सुबह हुई कार्रवाई के दौरान एसडीएम नयन गौतम, एएसपी दीपक शर्मा, सीओ सिटी विष्णु खत्री और कोतवाल समेत 50 से अधिक पुलिसकर्मी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की जांच जारी है और जो भी व्यक्ति इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
