हनुमानगढ़। सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर के तृतीय दिवस का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रेरणा रस्तोगी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना के साथ हुई, जिसके बाद स्वयंसेविकाओं को सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित किया गया। शिविर के अंतर्गत श्रमदान गतिविधि के तहत स्वयंसेविकाओं ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं ने परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

शिविर के तृतीय दिवस पर स्वयंसेविकाओं को शैक्षणिक भ्रमण के रूप में सरस डेयरी का दौरा करवाया गया। वहां डेयरी के लिपिक हितेश शर्मा ने छात्राओं को डेयरी की कार्यप्रणाली, दूध संग्रहण, प्रसंस्करण तथा वितरण की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं ने डेयरी की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन कर दुग्ध उत्पादन से जुड़ी व्यवस्थाओं को करीब से समझा। इसके पश्चात शिविर में लौटकर स्वयंसेविकाओं ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया तथा दिनभर की गतिविधियों का डायरी लेखन किया। डायरी लेखन के माध्यम से छात्राओं ने अपने अनुभवों को साझा किया और दिनभर सीखी गई बातों को दर्ज किया। कार्यक्रम के अंत में शिविर प्रभारी ने स्वयंसेविकाओं को सामाजिक सेवा, स्वच्छता और अनुशासन के महत्व के बारे में बताया तथा उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस प्रकार राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का तृतीय दिवस सेवा, जागरूकता और अनुशासन के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
