हनुमानगढ़। जिले में ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर ठगों ने एक युवक को धमकाकर और झांसे में लेकर उससे 6 लाख 52 हजार 400 रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार भरत कुमार (22) पुत्र शिव कुमार निवासी 8 एलकेएस, लखासर तहसील पीलीबंगा ने साइबर पुलिस थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन माध्यम से उससे संपर्क किया। आरोपी ने उसे डराने-धमकाने और नुकसान पहुंचाने की बात कहकर अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से उससे कुल 6 लाख 52 हजार 400 रुपए ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर पुलिस थाने में शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और जिन बैंक खातों व मोबाइल नंबरों के जरिए लेनदेन हुआ है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
