हनुमानगढ़। शहर के चिल्ड्रन ड्रीम्स पब्लिक स्कूल में सोमवार को विदाई समारोह आयोजित किया गया। इसमें कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी। विदाई समारोह के दौरान कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के साथ बिताए गए सुनहरे पलों को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं तथा अपने वरिष्ठ साथियों के लिए विशेष संदेश भी साझा किए।


अपने प्रिय साथियों को विदा करते समय कई विद्यार्थी भावुक नजर आए। कार्यक्रम में कक्षा सातवीं की ओर से कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को स्मृति स्वरूप पुरस्कार भी प्रदान किए गए। वहीं विदाई ले रहे विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय परिवार और शिक्षकों के साथ बिताए गए समय को अविस्मरणीय बताया तथा स्कूल से मिले सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।


संस्था की प्रबंध निदेशक अंजू बंसल एवं विद्यालय स्टाफ सदस्य फारूख ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर गत वर्ष बोर्ड कक्षा पांचवीं एवं आठवीं में ए ग्रेड प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
