नोहर। महान समाज सुधारक और भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर स्थानीय पारीक भवन में युवा सैनी समाज समिति के तत्वावधान में सैनी युवा शक्ति समागम एवं सेवा पर्व का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान शिविर और निशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं और समाजबंधुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सावित्रीबाई फुले और महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने उनके जीवन, संघर्ष और समाज सुधार में दिए गए योगदान पर प्रकाश डाला।

विधायक अमित चाचाण और पालिका ईओ बसंत सैनी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। विधायक अमित चाचाण ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा दिखाई। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। पालिका ईओ बसंत सैनी ने कहा कि ऐसे सेवा-आधारित आयोजन समाज में सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं। उन्होंने रक्तदान और निशुल्क चिकित्सा शिविर जैसे कार्यक्रमों को मानव सेवा की सच्ची मिसाल बताया। समिति के अध्यक्ष आनंद सैनी ने बताया कि रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। वहीं, चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। आयोजकों ने ये भी बताया कि सेवा पर्व का उद्देश्य समाज में जागरूकता और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है।

