हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ हनुमानगढ़ टाउन के तत्वावधान में मंगलवार को भारत की प्रथम महिला शिक्षिका और नारीवादी आंदोलन की अग्रणी सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम चौधरी पुरखाराम मूंड मेमोरियल माध्यमिक विद्यालय, कोहला के परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बालक-बालिकाओं द्वारा सामूहिक गीत गायन प्रस्तुत किया गया। संस्था प्रधान विनोद कुमार मूंड ने बताया कि सावित्रीबाई फुले ने समाज में महिलाओं की शिक्षा के लिए ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने ऐसे समय में बालिकाओं को शिक्षित करने का साहसिक कार्य प्रारंभ किया, जब समाज में इसका भारी विरोध था।

अनेक कठिनाइयों और विरोधों के बावजूद उन्होंने अपने संकल्प और समर्पण के बल पर शिक्षा का दीप जलाए रखा और महिलाओं के अधिकारों तथा समानता के लिए संघर्ष किया। कार्यक्रम के दौरान स्काउट-गाइड गतिविधियों के अंतर्गत बच्चों ने सामूहिक रूप से “बच्चे मन के सच्चे” गीत का गायन कर वातावरण को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया। ट्रेनिंग काउंसलर भूपेंद्र कौशिक के निर्देशन में आयोजित इस गीत प्रस्तुति में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सात कब बालकों तथा छह बुलबुल बालिकाओं ने भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को महान समाज सुधारकों के जीवन से प्रेरणा देना तथा शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना था। उपस्थित शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए सावित्रीबाई फुले के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन बच्चों को शिक्षा, समानता और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए किया गया।
