ऐलनाबाद। सी.आर.डी.ए.वी. गर्ल्स कॉलेज, ऐलनाबाद में 22 मार्च को मनाए जाने वाले विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में एनएसएस इकाई द्वारा एक दिवसीय जल संरक्षण जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा के दिशा-निर्देश में तथा एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर दीपिका के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। शिविर के दौरान पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बी.कॉम द्वितीय वर्ष की छात्राओं जश्मन, राजिंदर, नूरजहां और अर्शदीप ने आकर्षक पोस्टर बनाकर जल संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया। इस अवसर पर बी.ए. तृतीय वर्ष के केसर और परदीप ने भूजल स्तर में लगातार हो रही गिरावट के कारणों पर विस्तार से जानकारी दी और विद्यार्थियों को इसके प्रति जागरूक किया। वहीं बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्राओं कोमल, रमन और प्रियंका ने जल संरक्षण के विभिन्न उपायों के बारे में बताते हुए सभी को दैनिक जीवन में पानी बचाने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा ने अपने संबोधन में कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक व्यक्ति की है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। मैनेजमेंट सदस्य डॉली मेहता ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में जल की बर्बादी एक गंभीर समस्या बन चुकी है। यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में जल संकट और अधिक गहरा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन, पानी के संतुलित उपयोग और जल बचाने की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सी.आर.डी.ए.वी. स्कूल के प्राचार्य कमल मेहता, कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर अर्जुन सिंह, किरनदीप कौर, सिमरनजीत कौर सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
संवाददाता- रमेश भार्गव
