गोलूवाला। स्थानीय राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) में होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से मरीजों का उपचार कर रहे डॉ. वेदप्रकाश कुमावत ने अपनी सेवाओं के 10 वर्ष पूर्ण कर लिए। इस अवसर पर मंगलवार को उनके सरकारी आवास पर केक काटकर खुशी मनाई गई तथा उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पिछले एक दशक में डॉ. कुमावत ने होम्योपैथिक चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी दवाओं और उपचार पद्धति से अनेक मरीजों को पुरानी एवं गंभीर बीमारियों में राहत मिली है। यही कारण है कि गोलूवाला के अलावा आसपास के क्षेत्रों तथा दूर-दराज से भी मरीज उनसे उपचार कराने के लिए पहुंचते हैं। इस अवसर पर डॉ. वेदप्रकाश कुमावत ने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य मरीजों को बेहतर उपचार देकर राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मरीज का स्वस्थ होना ही उनके लिए सबसे बड़ी सेवा और संतुष्टि है। साथ ही उन्होंने पिछले 10 वर्षों में मिले सहयोग के लिए सीएचसी स्टाफ एवं कस्बेवासियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत स्वामी, व्यापारी हेतराम गेदर, पत्रकार जितेन्द्र ओझा, बलविन्द्र खरोलिया, दलीप वर्मा, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश भोभरिया और ओमप्रकाश जलंधरा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने डॉ. कुमावत के सेवाभाव की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करते रहने की शुभकामनाएं दीं।

