हनुमानगढ़। शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे प्रवेशोत्सव अभियान के तहत आज 2 केएनजे में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सीबीईओ काशीराम सहारण के निर्देशन में संपन्न हुआ। रैली में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का उद्देश्य क्षेत्र के अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना था। विद्यार्थियों ने गांव की गलियों में रैली निकालकर शिक्षा का महत्व बताया और स्कूल में प्रवेश लेने के लिए लोगों को प्रेरित किया।

इस अवसर पर सीबीईओ काशीराम सहारण ने चल रहे सर्वे अभियान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वे कार्य में लगे शिक्षकों से बातचीत कर अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा उन्हें अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन और संबलन भी प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ ने भी प्रवेशोत्सव अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया। इस रैली के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने और हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संदेश दिया गया।

