हनुमानगढ़। जिला सेशन कोर्ट परिसर से एक बुजुर्ग के अपहरण के प्रयास और मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीलीबंगा निवासी 74 वर्षीय बलराम बागड़वा पुत्र अमरसिंह जाट ने जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज कर आरोप लगाया है कि कोर्ट परिसर में 5-6 लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से उनका अपहरण करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार वार्ड नम्बर 4, जिनियस पब्लिक स्कूल, पीलीबंगा निवासी बलराम बागड़वा 21 मई को दोपहर करीब 1.30 बजे अपने अधिवक्ता लालचंद वर्मा से मुलाकात कर जिला सेशन कोर्ट, हनुमानगढ़ के अधिवक्ता परिसर ब्लॉक-ए से वापस पीलीबंगा लौटने के लिए अपनी कार के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कार स्टार्ट होते ही 5-6 व्यक्ति अलग-अलग दिशाओं से वहां पहुंचे और कथित रूप से उनके पैरों को पकड़कर उन्हें जबरन कार की अगली सीट पर धकेल दिया। परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने उनके चालक को भी जबरन कार से उतार दिया और अपहरण का प्रयास किया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार की चाबी निकाल ली और घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया।

आरोप है कि इस दौरान उसे वीडियो नहीं बनाने की धमकी दी गई और कहा गया कि वीडियो मत बनाओ वरना गोली मार देंगे। साथ ही परिवादी को लेकर भी गोली मारने की बात कही गई। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि उनकी कार से कुछ दूरी पर एक थार वाहन स्टार्ट हालत में खड़ा था और उन्हें आशंका है कि वारदात में उसी वाहन का उपयोग किया जाना था। आरोप है कि जबरन कार में बैठाने के दौरान उनका गला दबाया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। बलराम बागड़वा ने बताया कि मौके पर मौजूद एक-दो अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप कर उन्हें छुड़ाया, अन्यथा आरोपी उनका अपहरण कर गंभीर नुकसान पहुंचा सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनके पुत्र पवन कुमार, उसके ससुराल पक्ष के लोगों और बाउंसर अमीर खान के माध्यम से उन पर हमला कराया गया था, जिसका मामला पीलीबंगा थाने में दर्ज है। परिवादी ने इस घटना के पीछे अपने पुत्र पवन कुमार और उसके साले अभिषेक चौधरी पुत्र लक्ष्मी नारायण की भूमिका होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र बुडानिया को सौंपी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
