हनुमानगढ़। जिले की अनाज मंडियों में लागू स्लॉट सिस्टम के विरोध में व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। फूडग्रेन मर्चेन्ट्स एसोसिएशन के सचिव दलीप सिंह ढिल्लो ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडी कार्यालय में व्यापारियों की एक अहम बैठक अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रबी खरीद सत्र 2026-27 के दौरान गेहूं खरीद प्रक्रिया में लागू स्लॉट सिस्टम को केवल नाम बदलकर नया रूप दिया गया है, जबकि वास्तविकता में व्यवस्था पूर्ववत ही बनी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि इस बदलाव से व्यापारी और किसान दोनों ही भ्रम की स्थिति में हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा यह कहकर गुमराह किया जा रहा है कि स्लॉट सिस्टम समाप्त कर दिया गया है, जबकि जमीनी स्तर पर किसी प्रकार का ठोस बदलाव देखने को नहीं मिल रहा। इससे मंडी में अव्यवस्था और असंतोष का माहौल बना हुआ है। इसी के विरोध में हनुमानगढ़ मंडी सहित जिले की अन्य मंडियों के व्यापारियों, मजदूर संगठनों और किसान संगठनों ने संयुक्त रूप से रविवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो सोमवार सुबह 11 बजे भारत माता चौक, हनुमानगढ़ टाउन पर चक्का जाम किया जाएगा। बैठक में रामलाल किरोड़ीवाल, नरोतम सिंगला, बालकिशन कमरचंदानी, धनश्याम भादू, मेजर सिंह कमरानी, सन्नी जूनेजा, संजय जैन, संजय सर्राफ, विजय बंसल, सतवीर सिंह, जगदीश यादव और राजकुमार मित्तल सहित कई व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए नारेबाजी की।
