हनुमानगढ़। पंचायतीराज आम चुनाव — 2026 के मद्देनजर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को ग्रामीण क्षेत्र के राजकीय एवं निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों में भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने के लिए प्रेरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) यशपाल असीजा ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में लगभग 23,912 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने भाषण एवं वाद-विवाद के माध्यम से मतदान के महत्व को रेखांकित करते हुए आमजन को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) असीजा ने बताया कि स्वीप के तहत आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य पंचायतीराज चुनाव में मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता बढ़ाना है।
