ऐलनाबाद। जिला की सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने गश्त के दौरान नहर पुल रोड़ी क्षेत्र से बाइक सवार पति-पत्नी को हजारों रुपए की 10 ग्राम 79 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है । इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान कुलबंत सिंह पुत्र मुख्तयार सिंह व उसकी पत्नी बिंद्र कौर निवासी रोड़ी, जिला सिरसा के रूप में हुई है । उन्होंने बताया कि सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम गश्त के दौरान नहर पुल रोड़ी क्षेत्र में मौजूद थी । इस दौरान नहर किनारे कच्चे रास्ते से हुते हुए बाइक पर सवार महिला सहित एक व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया । उक्त बाइक सवार व्यक्ति ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक अपनी बाइक को वापस मोड़कर खिसकने का प्रयास कि रास्ता कच्चा होने के कारण बाइक अचानक बंद हो गई । पुलिस पार्टी ने शक के आधार पर उक्त बाइक सवार व्यक्ति व महिला को गिरफ्तार कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली तो उनके कब्जा से 10 ग्राम 79 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई । सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पति-पत्नी के खिलाफ थाना रोड़ी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच रोड़ी थाना पुलिस को सौंपी गई है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा ।
