– मानकसर में नई सुविधाओं के साथ शुरू हुआ वाटर पार्क, अब शहरवासियों को नहीं जाना पड़ेगा दूर
हनुमानगढ़। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए खुशखबरी है कि अब उन्हें मनोरंजन के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। संगरिया रोड स्थित गांव मानकसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त किंग लैंड वाटर पार्क का सोमवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। पूर्व में संचालित आकाशिया वाटर पार्क को अब नए रूप में विकसित कर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों ने रिबन काटकर वाटर पार्क का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वाटर पार्क संचालक रिंकू, नवीन पूनिया, आदित्य मलिक, संदीप सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वाटर पार्क संचालक रिंकू ने बताया कि उनके हरियाणा में पहले से तीन वाटर पार्क संचालित हैं और अब हनुमानगढ़ में इस नए प्रोजेक्ट के जरिए क्षेत्रवासियों को आधुनिक मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने बताया कि किंग लैंड वाटर पार्क को विदेशी तर्ज पर विकसित किया गया है, जहां बड़ी-बड़ी आकर्षक स्लाइड्स लगाई गई हैं।

ये स्लाइड्स मुंबई की प्रसिद्ध कंपनी एक्वावेंचर से मंगवाई गई हैं, जिनका डिजाइन इंटरनेशनल स्तर का है और सुरक्षा के लिहाज से भी पूरी तरह सुरक्षित हैं। वाटर पार्क में आकर्षक सेल्फी पॉइंट, विभिन्न प्रकार के वाटर फॉल, डीजे सिस्टम, कैंटीन, टावर स्लाइड्स और बच्चों के लिए विशेष प्ले एरिया तैयार किया गया है। संचालक के अनुसार यहां आने वाले बच्चे और परिवार पूरे दिन मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि वाटर पार्क का समय सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक निर्धारित किया गया है। साथ ही स्कूलों के लिए विशेष पैकेज भी तैयार किए गए हैं, जिसमें बच्चों को भोजन सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। स्कूलों की ओर से इस पहल को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। संचालक ने कहा कि पहले लोगों को वाटर पार्क के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता था, लेकिन अब हनुमानगढ़ के नजदीक ही यह सुविधा उपलब्ध हो गई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार और दोस्तों के साथ यहां आकर इस नई सुविधा का लाभ उठाएं।
