हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान राज्य सरकार एवं राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आधुनिक तकनीक, कानून एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को राजकॉप ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस कर्मियों ने ऐप की उपयोगिता बताते हुए महिलाओं से अपने मोबाइल फोन में इसे डाउनलोड भी करवाया, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता आसानी से प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही महिलाओं को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने एवं संबंधित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया गया।

कार्यक्रम में यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित आवागमन के लिए जागरूक किया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। वहीं, बाल विवाह की रोकथाम से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता हेतु डायल 112, बच्चों की सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी गरिमा हेल्पलाइन 1090 के बारे में भी अवगत कराया गया। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की इस पहल की उपस्थित महिलाओं एवं कॉलेज प्रशासन ने सराहना की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास पैदा करना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा, जिससे वे समाज में आत्मनिर्भर एवं सुरक्षित महसूस कर सकें।

