हनुमानगढ़। टाउन नगर परिषद द्वारा बुधवार को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान टाउन सब्जी मंडी, पुलिस थाना क्षेत्र, जंक्शन भगत सिंह चौक सहित आसपास के बाजार क्षेत्रों में फुटपाथों और सड़कों पर अवैध रूप से लगाई गई सब्जी की रेहड़ियों को हटाया गया। नगर परिषद की इस कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू हुई और आमजन को काफी राहत मिली।

अभियान जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार तथा नगर परिषद आयुक्त के आदेश पर चलाया गया। मुख्य स्वच्छता अधिकारी प्रेमलता पुरी ने बताया कि लंबे समय से सब्जी मंडी और पुलिस थाना के सामने अव्यवस्थित ढंग से रेहड़ियां लगने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। फुटपाथों पर अतिक्रमण के चलते पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरना पड़ता था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने यह सख्त कदम उठाया। कार्रवाई के दौरान परिषद की टीम ने अवैध रूप से कब्जा किए गए स्थानों को खाली करवाया और सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रेमलता पुरी ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगे भी नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने सब्जी विक्रेताओं से अपील की कि वे नगर परिषद का सहयोग करें और तय स्थानों पर ही अपनी रेहड़ियां लगाएं, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी की आजीविका पर प्रभाव डालना नहीं, बल्कि व्यवस्था को दुरुस्त करना है।

इस मौके पर स्वच्छता निरीक्षक रमनदीप कौर, जगदीश सिराव, नवल किशोर जमादार, यासीन खान, बलवन्त, रतन कुमार सहित नगर परिषद के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद की पहल का स्वागत किया। शहरवासियों ने इसे स्वच्छता और सुव्यवस्थित यातायात की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। नागरिकों का कहना है कि यदि इस प्रकार नियमित रूप से अभियान चलाया जाता रहा तो बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था और जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी। नगर परिषद की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की नीति सख्त है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
