हनुमानगढ़। राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ जिला शाखा की बैठक महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सोम सेन ने की। बैठक में पाली में प्रस्तावित प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर विशेष चर्चा की गई तथा संगठनात्मक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इसके पश्चात शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला एवं प्रारंभिक जिला शिक्षा अधिकारी को विभिन्न शिक्षक समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में ग्रीष्मकालीन अवकाश में कटौती नहीं करने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों की डीपीसी शीघ्र करने, व्यावसायिक शिक्षा में कार्यरत कार्मिकों को पिछले वर्ष से लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान करने, एसीपी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नत शिक्षकों का तुरंत पदस्थापन करने की मांग शामिल रही। इसके अलावा वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग भी उठाई गई।बैठक में जिला उपाध्यक्ष कालू वर्मा, जिला मंत्री पवन सोनी, तहसील मंत्री कृष्णा नोखवाल, टिब्बी तहसील अध्यक्ष अरुण वर्मा, संगरिया तहसील अध्यक्ष अरविंद थोरी, पीलीबंगा तहसील अध्यक्ष जगजीत सिंह, तेजपाल शास्त्री सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शिक्षकों ने सरकार की नीतियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए अपनी मांगों को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया।
