– नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा
हनुमानगढ़। जिले को सुरक्षित, नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ पुलिस ने शनिवार को ‘सेफ सिटी अभियान’ का शुभारंभ किया। जंक्शन स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई व राज कंवर, सीओ सिटी मीनाक्षी, पुलिस अधिकारी, व्यापारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यभार संभालने के बाद एसपी बी. आदित्य की यह पहली बड़ी पहल मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के पहले चरण में 20 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम बाइक से शहर के उन स्थानों पर लगातार गश्त करेगी, जहां नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग एकत्र होकर नशा करते हैं या इंजेक्शन का सेवन करते हैं। संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम दो पारियों में सुबह 8 बजे से रात 10–12 बजे तक सक्रिय रहेगी। अभियान की प्रतिदिन मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर पर होगी। एसपी बी. आदित्य ने बताया कि भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से शहर के नशे से जुड़े संवेदनशील स्थानों का हॉटस्पॉट मैप तैयार किया जाएगा। इन स्थानों के कॉर्डिनेट सिस्टम में दर्ज किए जाएंगे, जिससे पुलिस को निगरानी और कार्रवाई में आसानी होगी। अभियान के तहत ‘सेफ सिटी कमेटी’ का गठन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता स्वयं एसपी करेंगे। इसमें बार एसोसिएशन, डॉक्टर्स एसोसिएशन, टीचर्स एसोसिएशन, व्यापारिक संगठनों सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। कमेटी की मासिक बैठक होगी, जबकि पुलिस स्तर पर प्रत्येक सप्ताह अभियान की समीक्षा की जाएगी। एसपी ने स्पष्ट किया कि अभियान केवल नशा करने वालों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े मुख्य तस्करों (किंगपिन) तक पहुंचकर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई से चोरी, छीनाझपटी और अन्य छोटे अपराधों में भी कमी आएगी।

नशा पीड़ितों के पुनर्वास पर भी फोकस
एसपी बी. आदित्य ने कहा कि नशे के आदी लोगों को केवल अपराधी नहीं, बल्कि कई बार परिस्थितियों का शिकार भी माना जाना चाहिए। ऐसे लोगों को प्रशासन के सहयोग से नशामुक्ति केंद्रों में भर्ती कराकर मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में व्यापारी प्यारेलाल बंसल, पदम जैन, डिंपल बंसल, मोहित बलाड़िया, सुनीता अग्रवाल, कंचन गुप्ता, मिताली अग्रवाल, जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां, टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल, महिला थाना प्रभारी चंद्रकला, सीआई जगदीश कड़वासरा सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
