हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड 45, बरकत कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन के पास की संकरी गली में रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था न होने से आम नागरिकों को परेशानी हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए गत दिनों वार्डवासियों ने नगर परिषद आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सप्ताह की शुरुआत में वार्डवासियों ने पुन: नगर परिषद कार्यालय में आयुक्त को स्मरण पत्र सौंपकर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग दोहराई। वार्डवासियों का कहना है कि गली में अंधेरा होने के कारण महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में कठिनाई होती है और असामाजिक तत्वों की ओर से किसी प्रकार की वारदात की आशंका रहती है। वार्डवासियों ने नगर परिषद से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस गली में उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्मरण पत्र पर सुरेश, दशरथ दास, लक्ष्मण, चन्दन, राकेश राय, विजय, रणजीत, नवाब खान और बृजमोहन सहित अन्य वार्डवासियों के हस्ताक्षर थे।
