हनुमानगढ़। होली पर्व को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान तेज कर दिया गया है। यह अभियान 3 मार्च तक चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है। यह अभियान आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान की आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को भादरा कस्बे में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न दुकानों और डेयरी इकाइयों की जांच करते हुए दो खाद्य नमूने संग्रहित किए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि होली के दौरान मावा, मिठाई, नमकीन और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ने से मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभागीय टीमें नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण कर रही हैं। भादरा क्षेत्र में की गई कार्रवाई के तहत किसान दूध बैंक से मावा तथा कस्वां डेयरी फार्म से पनीर का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, लैब तकनीशियन सुभाष कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। विभाग ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री में मिलावट की किसी भी आशंका की सूचना विभागीय हेल्पलाइन पर तत्काल दें। चिकित्सा विभाग ने स्पष्ट किया है कि “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत जिले में लगातार निगरानी जारी रहेगी, ताकि होली का पर्व सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में मनाया जा सके।
