हनुमानगढ़। आबकारी विभाग का अवैध शराब के खिलाफ विशेष निरोधात्मक अभियान जारी है। यह अभियान आबकारी आयुक्त की ओर से राजस्थान में 15 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के अन्तर्गत अब तक 62 मुकदमे हनुमानगढ़ जिले में बनाए जा चुके हैं। इस अभियान के अंतर्गत 21800 लीटर वॉश नष्ट की गई। 477 लीटर हथकढ़ शराब, 400 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

इसके साथ ही 38 कच्ची भट्ठियां नष्ट की गईं। छह वाहन जब्त किए गए हैं। विभाग की यह कार्रवाई निरंतर जारी है। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जाप्ता कम होने के बावजूद भारतमाला पर निरंतर नाकाबंदी की जा रही है। हनुमानगढ़ व संगरिया पेट्रोलिंग ऑफिसर की ओर से नियमित रूप से नाकाबंदी की जा रही है। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार हाइवे किनारे बने ढाबों और होटलों की विभाग के इंस्पेक्टरों की ओर से चैकिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग की ओर से सिटीजन एप जारी किया गया है। यह एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।

इस एप के जरिए मदिरा की बोतल पर लगे होलोग्राम स्टीकर के क्यूआर कोड को स्कैन करने अथवा बोतल पर अंकित क्यूआर नम्बर दर्ज करने पर यह पता लगाया जा सकता है कि दुकान से खरीदी गई मदिरा सही है या नहीं। यह विभाग की ओर से किया गया अभिनव प्रयोग है ताकि लोगों को उच्च गुणवत्ता की मदिरा मिले। उसे अमानक या छेड़छाड़ की हुई घटिया गुणवत्ता की शराब न मिले।
