– कांग्रेस नेताओं ने वार्ड के विकास और मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की
हनुमानगढ़। वार्ड नंबर 49 से कांग्रेस प्रत्याशी अमनदीप कौर के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की ओर से जनसभा आयोजित की गई। जनसभा में पूर्व पार्षद राम सिंह सिद्धू, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर, भूपेंद्र चौधरी, अश्वनी पारिक, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, गुरमीत चंदडा, नवदीप राणा, सुखपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद रहे।


जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने उपस्थित लोगों से पार्टी प्रत्याशी अमनदीप कौर के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वार्ड के विकास, मूलभूत सुविधाओं में सुधार और जनसमस्याओं के समाधान के लिए मतदाताओं को सोच-समझकर अपने प्रतिनिधि का चुनाव करना चाहिए।
निर्दलीय प्रत्याशी पर लगाए आरोप
पूर्व पार्षद राम सिंह सिद्धू ने वार्ड 49 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे पार्षद प्रतिनिधि गुरदीप सिंह बराड़ उर्फ बबी पर नशे के कारोबार से जुड़े होने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आमतौर पर नगर परिषद की ओर से वार्डों और प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार लगाए जाते हैं, लेकिन वार्ड 49 में एक ओर शराब और दूसरी ओर सट्टे की दुकान होना चिंता का विषय है।

सिद्धू ने कहा कि यदि हनुमानगढ़ शहर के साथ-साथ वार्ड 49 का विकास करना है तो मतदाताओं को ऐसे जनप्रतिनिधियों को नकारना होगा, जिन पर इस तरह के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने विकास के लिए मांगा समर्थन
कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस विकास और जनहित की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनका समाधान करवाने के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अमनदीप कौर को मजबूत समर्थन मिलना जरूरी है।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि वार्ड का विकास तभी संभव है, जब क्षेत्र की जनता एकजुट होकर ईमानदार और जनहित के लिए काम करने वाले प्रतिनिधि का चुनाव करे। उन्होंने वार्डवासियों से अमनदीप कौर के पक्ष में मतदान कर कांग्रेस को मजबूत करने की अपील की।

