हनुमानगढ़। सुरेशिया क्षेत्र में 100 फीट रोड पर एक ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार उसकी पत्नी और भाभी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। जंक्शन थाना पुलिस ने अज्ञात ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 59, गौतम बुद्ध स्कूल के पास सुरेशिया निवासी राजू पुत्र कालूराम ने रिपोर्ट दी कि 20 अगस्त को उसके पिता का पानीढ़ाल होने के कारण उसके ताऊ का लड़का रामकुमार (50) पुत्र पृथ्वीराज निवासी सहारनी, टिब्बी अपनी पत्नी कृष्णा और भाभी कृष्णा के साथ उसके घर आया हुआ था। 20 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे रामकुमार अपनी बाइक नंबर आरजे 31 एसवी 8598 से पत्नी और भाभी के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान आरएस पैलेस से 100 फीट रोड सुरेशिया की तरफ आगे एक ई-रिक्शा चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवारों को ई-रिक्शा काफी दूर तक घसीटता ले गया। हादसे में रामकुमार, उसकी पत्नी कृष्णा और भाभी कृष्णा को गंभीर चोटें आईं। रामकुमार की पत्नी के सिर में गंभीर चोट बताई गई है और वह बेहोश हो गई थी। रामकुमार को गंभीर हालत में टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से उसे श्रीगंगानगर और फिर बीकानेर रेफर किया गया। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान रामकुमार की मौत हो गई। परिवादी के अनुसार हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। दुर्घटना स्थल पर ई-रिक्शा का शीशा टूटकर गिर गया था। शीशे पर ‘श्री कृष्णा ऑटो पार्ट्सÓ और दो मोबाइल नंबर लिखे होने की बात रिपोर्ट में कही गई है। पुलिस इसी सुराग के आधार पर फरार ई-रिक्शा चालक की पहचान और तलाश में जुटी है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है। जांच हेड कांस्टेबल विजय सिंह को सौंपी गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों, ई-रिक्शा और उसके चालक की पहचान तथा फरार चालक की तलाश में जुटी है।
