हनुमानगढ़। उधार दिए गए पैसे वापस मांगने पर युवती के साथ मारपीट, धमकी और छीना-झपटी का मामला सामने आया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार टाउन की बरकत कॉलोनी निवासी चांदनी पुत्री जोगेंद्र दास ने न्यायालय में इस्तगासा पेश कर आरोप लगाया कि उसकी परिचित बबीता पत्नी श्यामबाबू निवासी बरकत कॉलोनी से उसकी मित्रता थी। आरोप है कि मित्रता के चलते उसने बबीता को बीमारी के दौरान 10 हजार रुपए तथा बाद में शादी कार्यक्रम के समय 15 हजार रुपए उधार दिए थे। परिवाद में बताया गया कि जब चांदनी ने अपने पैसे वापस मांगे तो बबीता और उसके परिवार के लोगों ने उसे घर बुलाकर मारपीट की, जिससे उसकी पसलियों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। बाद में राजीनामा होने पर इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन आरोपियों ने खर्च नहीं दिया। इस्तगासे में आरोप लगाया गया कि 14 फरवरी 2026 की शाम जब चांदनी दोबारा अपने पैसे मांगने गई तो बबीता, श्यामबाबू, रामबाबू, शंकरदास, पिंटूदास, सीताराम सहित अन्य लोगों ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उससे 5600 रुपए और मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। चांदनी ने आरोप लगाया कि बाद में रात के समय पुलिस उसे थाने ले गई, जहां से लौटने के दौरान भी उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसके कंधे में फ्रैक्चर हो गया। साथ ही आरोपियों की ओर से आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक भूपसिंह को सौंपी गई है।
