हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर गुरुवार को वरिष्ठ नागरिकों के स्वस्थ जीवन के लिए विशेष पहल के तहत टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला चिकित्सालय के फिजियोथेरेपी हॉल में रामाश्रय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चले शिविर में जनरल फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ एवं फिजियोथेरेपिस्ट ने एक ही छत के नीचे वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। शिविर का आयोजन नोडल अधिकारी एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकर लाल सोनी तथा सहायक नोडल अधिकारी एवं रामाश्रय वार्ड नोडल डॉ. अमृतपाल सिंह की देखरेख में किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की डायबिटीज जांच एवं परामर्श, उच्च रक्तचाप, नेत्र रोग, अल्जाइमर एवं डिमेंशिया, कान-नाक-गला संबंधी समस्याओं, फिजियोथेरेपी तथा हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं की जांच की गई। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए ‘वरिष्ठ नागरिकों की सेवा हमारा कर्तव्यÓ का संदेश दिया गया। डॉ. अमृतपाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से रामाश्रय योजना शुरू की गई है। इसके तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों की स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग ओपीडी काउंटर, अलग पंजीकरण व्यवस्था तथा अलग रामाश्रय वार्ड की स्थापना की गई है। इसी कड़ी में समय-समय पर रामाश्रय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि शारीरिक रूप से असक्षम वृद्धजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की अपील की।
