हनुमानगढ़। जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित डॉ. भीमराव अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में हनुमानगढ़ टाउन के नेहरू मेमोरियल विधि कॉलेज के छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। यह समारोह विधि शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान के छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। समारोह में राज्यपाल हरीभाऊ बागड़े, केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा तथा विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. डॉ. निष्ठा जसवाल की उपस्थिति में महाविद्यालय के स्वर्ण पदक धारकों को उपाधि एवं मेरिट प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर प्रदेशभर के विधि महाविद्यालयों के प्राचार्य, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं विधि क्षेत्र के शिक्षाविद मौजूद रहे। एनएम लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीताराम ने बताया कि सत्र 2024-25 की विश्वविद्यालय वरीयता सूची में महाविद्यालय के तीन छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तर पर उत्कृृष्ट प्रदर्शन किया। नरेन्द्र अग्रवाल पुत्र बैजनाथ अग्रवाल ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं खुशबू अग्रवाल पुत्री विनोद अग्रवाल ने तृतीय स्थान तथा अनुप्रिया पुत्री देवेन्द्र शर्मा ने छठा स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसी प्रकार सत्र 2022-23 की वरीयता सूची में भी महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। तमन्ना गोयल पुत्री संजीव गोयल ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान तथा रेखा पुत्री कृष्ण कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर उपाधि एवं मेरिट प्रमाण-पत्र हासिल किए। छात्र-छात्राओं की यह सफलता केवल उनके परिवार और महाविद्यालय के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले के लिए गर्व का विषय है। संस्था अध्यक्ष सूरजभान मित्तल, सचिव राजकुमार अग्रवाल एवं निदेशक अमित माहेश्वरी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
