हनुमानगढ़। अजमेर बोर्ड की ओर से मंगलवार को कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। घोषित परिणामों में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अग्रणी शिक्षण संस्था एम.डी.एस.सी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल पक्का सारणा के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष भी स्कूल के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची तथा सेंटर टॉप में स्थान प्राप्त कर संस्था की शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का ही परिणाम है कि स्कूल लगातार उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है। संस्था के कक्षा 10 के छात्र गजानंद पुत्र भीमसेन ने 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सेंटर टॉप किया। गजानंद की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार सहित पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और अभिभावकों ने छात्र की इस सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। इस अवसर पर संस्था व्यवस्थापक प्रभुराज माली तथा निदेशक गोदारा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणामों में उत्कृष्टता प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना भी है। इस अवसर पर गांव के कई गणमान्य नागरिक भी विद्यालय पहुंचे और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। इनमें कृष्ण बेराज, सोहन लाल गोदारा, बलराम गोदारा तथा राजाराम गोदारा (उपाध्यक्ष, सहकारी समिति पक्का सारणा) सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि आने वाले समय में भी संस्था इसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रयासरत रहेगी। साथ ही विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए भी प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे जीवन में आगे बढ़कर समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
