हनुमानगढ़। ग्राम मक्कासर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के दो विद्यार्थियों को इस वर्ष प्रतिष्ठित इंस्पायर अवॉर्ड प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, विद्यालय स्टाफ और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना की गई। विद्यालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 9 के छात्र भूपेन्द्र कुमार तथा कक्षा 10 के छात्र प्रवीण कुमार को इस वर्ष इंस्पायर अवॉर्ड प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों ने विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नवाचारपूर्ण सोच के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जिससे विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत मक्कासर के प्रशासक बलदेव सिंह सिहाग उपस्थित रहे। उनके साथ सुभाष गोदारा, जगदीश (वार्ड पंच), चरणजीत सिंह उर्फ काला सिंह सहित कई गणमान्य ग्रामीण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या विमला ने बताया कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के साथ ही उन्हें अपने प्रोजेक्ट को आगे विकसित करने तथा आगामी जिला स्तरीय मॉडल प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। इस सफलता में विद्यालय की विज्ञान विषय प्रभारी रुचिका सैनी का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट तैयार करने में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के दौरान कार्यवाहक प्रधानाचार्य मोनिका बजाज ने भी विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि मक्कासर विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ तथा ग्रामीणों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर ऋतु भाकर, पारस सुथार, अमनदीप, राजेन्द्र कुमार, रामकुमार, अनीता सिद्धू, पुष्पा देवी, लक्ष्मी, हरिकृष्ण सिहाग, तनुजा चतुर्वेदी, सर्वजीत कौर, मुकेश कुमार, विजयलक्ष्मी और जोगेन्द्र सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ किया गया।
