हनुमानगढ़। ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान एवं एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मतदाता सूची की पारदर्शिता को लेकर अपनी बात रखी। पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा सूची की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार जनता के बीच जागरूकता अभियान चला रही है। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर निर्वाचन आयोग से स्पष्टता और पारदर्शिता के साथ सभी राजनीतिक दलों के साथ संवाद की आवश्यकता है। प्रेस वार्ता के दौरान निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने अपनी बात रखी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विषयों में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता के अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया आवश्यक है। कांग्रेस कार्यकर्ता एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े विषयों को लेकर आमजन के बीच जागरूकता अभियान चलाएंगे। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह चहल, डीसीसी प्रवक्ता मोहनलाल इंदलिया, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढूकिया, पीसीसी सदस्य रामेश्वर चांवरिया सहित अन्य जिला पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
