हनुमानगढ़। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की तहसील कमेटी ने टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर सोमवार को कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. भावना बेनीवाल को ज्ञापन सौंपा। एसएफआई के तहसील महासचिव मोहित कुमार ने बताया कि महाविद्यालय में लगे वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़े हैं। इसके कारण भीषण गर्मी में छात्र-छात्राओं को गर्म पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें असुविधा के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ सकता है। ज्ञापन में मांग की गई कि महाविद्यालय प्रशासन छात्र-छात्राओं की इस मूलभूत समस्या का शीघ्र समाधान करते हुए सभी खराब पड़े वाटर कूलरों की तत्काल मरम्मत करवाए, ताकि छात्र-छात्राओं को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके। एसएफआई ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो छात्र संगठन छात्र-छात्राओं के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी। इस दौरान वकील कुमार, मनोज वर्मा, रॉकी, अन्नू, रेणु, संदीप कौर, रजनदीप कौर, करण, विशाल, मुकेश तथा हंसराज सहित अन्य छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।
