ऐलनाबाद। ऐलनाबाद के एसडीएम पारस भगोरिया ने क्षेत्र की विभिन्न अनाज मंडियों एवं खरीद केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने फसल खरीद कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंडियों में उपलब्ध सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने किसानों के लिए पीने के पानी, साफ-सफाई और शौचालयों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए मंडियों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एसडीएम भगोरिया ने गेटपास प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। उन्होंने प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। दौरे के दौरान एसडीएम अटल किसान-मजदूर कैंटीन भी पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मार्केट कमेटी और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद के साथ-साथ उठान कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि मंडियों में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर मार्केट कमेटी सचिव बलराज बाना और मंडी सुपरवाइजर धर्मपाल भी उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
