ऐलनाबाद। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह के नेतृत्व में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर स्कूली बसों की गहन जांच की। इस दौरान 9 बसें नियमों का उल्लंघन करती पाई गईं, जिनमें से 7 बसों के चालान काटे गए, जबकि एक बस को गंभीर अनियमितताओं के चलते इंपाउंड किया गया।

संबंधित बस चालक को बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने के बाद बस को यातायात थाना में पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान बसों में अनिवार्य सुविधाओं जैसे फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे और अग्निशामक यंत्रों की भी जांच की गई। कई बसों में खामियां मिलने पर पुलिस ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने स्कूल संचालकों और बस चालकों को न्यायालय के आदेशों और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके साथ ही बस चालकों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, नशीले पदार्थों से दूर रहने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बसों में तय क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए और बच्चों को चढ़ाने-उतारने के दौरान पूरी सावधानी बरती जाए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
