ऐलनाबाद। निमोद ग्राम में भार्गव समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के अनेक प्रमुख सदस्यों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी शनि देव मंदिर के मूर्ति स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की तैयारियों पर चर्चा करना रहा। बैठक में समाज की एकता, संगठन और धार्मिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में धर्मेंद्र भार्गव (निमोद) ने जानकारी देते हुए बताया कि शनि देव मंदिर के मूर्ति स्थापना दिवस को इस वर्ष विशेष रूप से भव्य रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम के तहत 27 अप्रैल 2026 को भव्य जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इसके पश्चात 28 अप्रैल को शोभायात्रा निकाली जाएगी और सामूहिक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी लोगों से इन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

बैठक के दौरान समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों और सामाजिक चुनौतियों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने समाज में जागरूकता बढ़ाने, आपसी सहयोग को मजबूत करने और नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने पर बल दिया। साथ ही समाज के समग्र विकास और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे गए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 5 अप्रैल को शनि देव मंदिर की एक नई कमेटी का गठन किया जाएगा, जो मंदिर से जुड़ी धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करेगी। इसके लिए समाज के सक्रिय और जिम्मेदार लोगों को समिति में शामिल करने पर सहमति बनी। बैठक में धर्मेंद्र भार्गव, मुन्ना लाल भार्गव, अशोक भार्गव, मुकेश भार्गव, दिलीप भार्गव, राम भार्गव, जुगल भार्गव, श्याम भार्गव, विमल भार्गव, महेंद्र भार्गव, लोकेश भार्गव सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
संवाददाता- रमेश भार्गव
