-देहात की राजनीति को जातीय आधार पर बांट रही बीजेपी : बृजेंद्र सिंह
ऐलनाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा रविवार को अपने 176वें दिन डबवाली हलके में पहुंची। यात्रा की शुरुआत गंगा गांव स्थित गुरु बाबा हरिया बाला जी महाराज मंदिर में माथा टेककर की गई। इसके बाद यात्रा जईडवाला बिश्नोईयान होते हुए पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल के पैतृक गांव चौटाला में संपन्न हुई। गंगा गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बृजेंद्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों की राजनीति को जानबूझकर सामाजिक और जातीय आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार बीजेपी अपने राजनीतिक फायदे के लिए समाज में विभाजन की राजनीति कर रही है, ताकि अलग-अलग इलाकों में अपना “फिक्स वोट बैंक” तैयार किया जा सके।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में अगर कांग्रेस अपने आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत कर ले, तो वह राज्य की सबसे ताकतवर राजनीतिक पार्टी बन सकती है बृजेंद्र सिंह ने कहा कि सामाजिक समीकरण हमेशा से राजनीति का हिस्सा रहे हैं, लेकिन मौजूदा दौर में बीजेपी इन्हें नफरत और बैर फैलाने के हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। एक वर्ग को दूसरे वर्ग के खिलाफ खड़ा करना और समाज में अविश्वास पैदा करना आज की राजनीति का हिस्सा बना दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह रणनीति केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में इसी मॉडल पर काम किया जा रहा है। कहीं किसी समुदाय को अलग-थलग किया जाता है, तो कहीं समाज के भीतर ही दरारें डाली जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दलित समाज के भीतर भी विभाजन पैदा करने की कोशिशें हो रही हैं, जिससे उनकी राजनीतिक ताकत कमजोर हो सके।

राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में हाल ही में हुए चुनाव में स्पष्ट संख्या होने के बावजूद जिस तरह की राजनीतिक चालें चली गईं, वह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उनके अनुसार यह केवल विधायकों की खरीद-फरोख्त का मामला नहीं था, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक समूह को कमजोर करने की साजिश भी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा दलित उम्मीदवार उतारे जाने के बाद बीजेपी ने जानबूझकर अलग जाति का उम्मीदवार खड़ा कर सामाजिक समीकरण बिगाड़ने का प्रयास किया। युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि अग्निवीर योजना ने गांवों के युवाओं के भविष्य को असमंजस में डाल दिया है।

पहले सेना में भर्ती को लेकर युवाओं में जो उत्साह और तैयारी होती थी, वह अब कमजोर पड़ गई है, जिससे युवाओं में निराशा और असुरक्षा का माहौल पैदा हुआ है। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बल्कोर सिंह, कांग्रेस जिलााध्यक्ष संतोष बेनीवाल, मलकीत सिंह गंगा, गंगा गांव के पूर्व सरपंच गुरदीत सिंह, सरदार परमजीत माखा (पूर्व एचएसजीपीसी सदस्य), छोटूराम सहारण, नत्थू राम डांगी, प्रहलाद सिंह एडवोकेट, सतपाल डांगी, राजेंद्र डांगी, प्रभुदयाल केहरवाला, राजपाल जैलदार रतिया, गुरलाल सिंह, वेदपाल नेहरा, मनवींदर सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, मगंत बंसल, सुखदेव सिंह बड़ा गुढ़ा, हनुमान बिश्नोई, विजय कुमार बासल, वेदपाल डांगी, जगसीर सिंह मिठाड़ी, लखविंदर कंडा, सुखदेव सिंह कुंदड़ सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
