जयपुर/राजस्थान। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन 750” और “ऑपरेशन मदप्रलय” के तहत छह अलग-अलग अभियानों में कुल 12 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान करीब एक क्विंटल से अधिक अवैध अफीम का दूध, अफीम, डोडा चूरा और गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग सवा पांच करोड़ रुपये आंकी गई है। एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एम.एन. दिनेश के मार्गदर्शन और निर्देशन में एएनटीएफ लगातार मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। गठन के बाद से ही एएनटीएफ न केवल अवैध मादक पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ रही है, बल्कि वर्षों से फरार चल रहे इनामी तस्करों को भी गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में ला रही है। इसी क्रम में हाल ही में चलाए गए विशेष अभियानों के तहत छह बड़ी कार्यवाहियां की गईं, जिनमें दो इनामी तस्करों समेत कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पहली कार्रवाई: “ऑपरेशन 750” में दो इनामी तस्कर गिरफ्तार
पहली कार्रवाई के तहत एएनटीएफ टीम कोटा और झालावाड़ ने संयुक्त अभियान चलाकर 25-25 हजार रुपये के दो वांछित इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में गोपाल सिंह (28) पुत्र मांग सिंह निवासी आमलिया खेड़ा थाना मिश्रोली जिला झालावाड़ तथा नरेंद्र सिंह (35) पुत्र विजय सिंह निवासी झिझनी थाना मिश्रोली जिला झालावाड़ शामिल हैं। दोनों को मध्यप्रदेश के आगर जिले के बड़ोद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

आपराधिक पृष्ठभूमि
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नरेंद्र सिंह ने 12वीं कक्षा पास करने के बाद भोपाल में बी.ए. प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था। कुछ समय तक पढ़ाई करने के बाद वह दोस्तों की संगत में आकर गलत आदतों का शिकार हो गया। बढ़ते खर्चों के चलते उसने अवैध शराब का कारोबार शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उसने अवैध विदेशी शराब बनाने की तकनीक सीख ली और अलग-अलग ब्रांड की नकली शराब बनाकर करीब दो साल तक तस्करी करता रहा। बाद में पुलिस कार्रवाई के डर से उसने दोस्तों के साथ मिलकर शराब का ठेका लेकर करीब पांच साल तक वैध व्यापार भी किया। नरेंद्र सिंह, गोपाल सिंह और दिनेश आपस में रिश्तेदार हैं। तीनों ने मिलकर संजय नामक व्यक्ति के साथ सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए बनाने और बेचने की योजना बनाई। इसके लिए गोपाल सिंह के खेत में एक टापरी बनाकर एमडीएमए की फैक्ट्री स्थापित कर दी और वहां ड्रग तैयार करने लगे।
पहले भी दर्ज हैं मामले
आरोपी नरेंद्र सिंह के खिलाफ मारपीट और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं, जबकि गोपाल सिंह के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी और मारपीट के दो मामले थाना मिश्रोली में दर्ज हैं।
गिरफ्तारी की रणनीति
थाना मिश्रोली के एक मामले में एमडीएमए फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस अधीक्षक झालावाड़ ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एएनटीएफ ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर पता लगाया कि दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के आगर जिले के बड़ोद क्षेत्र में रिश्तेदारों के यहां छिपे हुए हैं। टीम वहां पहुंची तो ग्रामीण क्षेत्रों में फसल कटाई चल रही थी। ऐसे में पुलिस टीम ने खुद को कंबाइन हार्वेस्टर मशीन के ऑपरेटर के रूप में पेश किया और गांव पीपलोन व सूदवास में आरोपियों के रिश्तेदारों के घर और खेतों की रेकी की। रेकी के दौरान पता चला कि नरेंद्र सिंह पीपलोन गांव में अपने रिश्तेदार के खेत में बनी टापरी में और गोपाल सिंह सूदवास गांव के फार्म हाउस में रात में सोने आते हैं। इसके बाद टीम दो हिस्सों में बंट गई और दोनों स्थानों के आसपास घेराबंदी कर दी। सुबह होने से पहले छापा मारकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

रिश्तेदारी का फायदा उठाकर फरारी
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की मध्यप्रदेश में रिश्तेदारी है। गोपाल सिंह ने खुद को डेयरी व्यवसायी और सम्मानित व्यक्ति बताकर अपनी बेटी की सगाई मध्यप्रदेश के आगर जिले में कर दी थी। नई रिश्तेदारी का फायदा उठाते हुए वह भोपाल, उज्जैन, इंदौर और ओंकारेश्वर घूमने का बहाना बनाकर फरारी काट रहा था।
दूसरी कार्रवाई: 81 किलो अफीम का दूध जब्त
दूसरी कार्रवाई “ऑपरेशन मदप्रलय” के तहत जालौर जिले के सांचोर थाना क्षेत्र में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि पाली से सांचोर बड़ी मात्रा में अवैध अफीम की खेप आने वाली है। सूचना के आधार पर टीम भारतमाला टोल सांचोर के पास सादे कपड़ों में तैनात हो गई। कुछ देर बाद एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वहां पहुंची। टीम ने स्टॉपर स्टिक से वाहन को पंचर कर रोकने की कोशिश की, लेकिन तस्करों ने भागने के प्रयास में वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद पुलिस ने फायर किया, जिससे घबराकर तस्करों ने वाहन रोक दिया। तलाशी लेने पर 80.724 किलोग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद हुआ। साथ ही स्कॉर्पियो वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर GJ-03-PD-9331) भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण कुमार (45) पुत्र रामकिशन निवासी भाणिया थाना शिवपुर जिला पाली और सुरजाराम (33) पुत्र रामुराम निवासी भाणिया थाना शिवपुर जिला पाली शामिल हैं। आरोपियों के घर की तलाशी में 19 लाख 20 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
तीसरी कार्रवाई: 22 किलो अफीम के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
तीसरी कार्रवाई भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि बोलेरो पिकअप में सवार तीन लोग अवैध अफीम लेकर श्रीगंगानगर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर दिल्ली-मुंबई हाईवे पर नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें करीब 22 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों में सुभाष भूरिया (35) निवासी सुरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर, मनफूल (26) निवासी रामसरा थाना महाजन जिला बीकानेर तथा कैलाश (20) निवासी सुरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर शामिल हैं। पुलिस ने बोलेरो पिकअप (RJ-31-GB-3173) भी जब्त कर ली।

चौथी कार्रवाई: 41 किलो डोडा चूरा बरामद
चौथी कार्रवाई जोधपुर शहर एएनटीएफ टीम ने ब्यावर जिले के रायपुर क्षेत्र में की। टीम को सूचना मिली थी कि प्रवीण सिंह और अरविंद नाम के दो व्यक्ति डोडा चूरा की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी शुरू की और आरोपियों की कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान 41 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण सिंह (25) निवासी मंडला थाना सोजत सिटी जिला पाली और अरविंद (19) निवासी काबू नगर जिला जोधपुर शामिल हैं।
पांचवीं कार्रवाई: 527 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
पांचवीं कार्रवाई भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अफीम लेकर जा रहे हैं। टीम ने एनएच-48 पर कोठारी नदी के पास गुढ़ा चौराहे पर घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी मोटरसाइकिल पर पहुंचे, टीम ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में 527 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों में अबरार खान (25) निवासी शिवदानपुरा जिला चित्तौड़गढ़ और मुन्ना भाई (75) निवासी चिकारड़ा जिला चित्तौड़गढ़ शामिल हैं। मोटरसाइकिल (RJ-09-ES-9016) भी जब्त की गई।
छठी कार्रवाई: 5 किलो गांजा बरामद
छठी कार्रवाई उदयपुर जिले के कोटड़ा थाना क्षेत्र में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गांजे की तस्करी कर रहा है और सप्लाई देने जा रहा है। टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहीद मोहम्मद (43) निवासी कोटड़ा जिला उदयपुर के रूप में हुई है।
एएनटीएफ टीमों की अहम भूमिका
इन सभी कार्रवाइयों में एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर के साथ-साथ कोटा, झालावाड़, जालौर, भीलवाड़ा, जोधपुर शहर और उदयपुर चौकियों की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि इन अभियानों में शामिल सभी पुलिस टीमों को विशेष कार्यक्रम के दौरान एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर में सम्मानित किया जाएगा।
आमजन से अपील
एएनटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मादक पदार्थ तस्करी या अन्य अपराध से जुड़ी कोई भी सूचना मिले तो वह एटीएस नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 0141-2601583 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर जानकारी दे सकता है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
