– सिंबल लेकर हनुमानगढ़ पहुंचे पर्यवेक्षक, रिटर्निंग अधिकारियों को सौंपी सूची
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के 11 सितम्बर को होने वाले निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को अपने सभी 60 वार्डांे के प्रत्याशियों की घोषणा कर चुनावी तस्वीर साफ कर दी। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन कांग्रेस ने वार्ड नंबर 1 से 60 तक के उम्मीदवारों की सूची जारी की और प्रत्याशियों को पार्टी के सिंबल सौंपे। इसके साथ ही कांग्रेस ने सभी वार्डांे में चुनावी मैदान सजा दिया है। पार्टी की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पर्यवेक्षक दिनेश कुमार सुण्डा पार्टी के सिंबल लेकर हनुमानगढ़ पहुंचे। उनकी मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं ने सभी 60 वार्डांे के प्रत्याशियों को सिंबल प्रदान किए। इसके बाद प्रत्याशियों के कवरिंग लेटर सहित आवश्यक फार्म रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रवि कुमार को सौंपे गए। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन, कांग्रेस सेवा दल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, ब्लॉक अध्यक्ष बेबी जैन, गुरमीत चंदड़ा सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। टिकट वितरण के साथ ही अब कांग्रेस प्रत्याशियों के सामने अपने-अपने वार्ड में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने और जीत हासिल करने की चुनौती होगी। अब सभी 60 वार्डां में कांग्रेस प्रत्याशियों की असली अग्निपरीक्षा शुरू हो गई है। टिकट मिलने के बाद प्रत्याशी अपने-अपने वार्ड में मतदाताओं के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में जुटेंगे और आने वाले दिनों में वार्डवार मुकाबला और अधिक रोचक होने के आसार हैं।

पांच दिन चला मंथन, फिर बनी ‘जिताऊ-टिकाऊ’ टीम रिटर्निंग अधिकारी को सूची सौंपने के बाद कांग्रेस पर्यवेक्षक दिनेश कुमार सुण्डा ने कहा कि सभी 60 वार्डांे के प्रत्याशियों के चयन में करीब पांच दिनों तक लगातार मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि पार्टी का कोई कार्यकर्ता नाराज न हो। सुण्डा ने कहा कि कांग्रेस ने केवल सिंबल बांटकर प्रत्याशियों को छोड़ने के बजाय सभी स्तरों पर चर्चा और सहमति के बाद उम्मीदवार तय किए हैं। उनके अनुसार प्रत्येक वार्ड से आए दावेदारों पर विचार किया गया और तमाम प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है जिन्हें पार्टी ने ‘जिताऊ और टिकाऊÓ माना है। भाजपा और निर्दलीय विधायक गुट की ओर से कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं होने के आरोपों पर सुण्डा ने कहा कि प्रत्येक वार्ड से चार से पांच आवेदन पार्टी के पास आए थे। उन्होंने सवाल किया कि यदि कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं होते तो 60 वार्डांे की पूरी सूची कैसे जारी होती। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने ऐसे मजबूत उम्मीदवारों को टिकट दिया है जो आम जनता के बीच रहते हैं और उनके सुख-दुख में शामिल होते हैं। कांग्रेस पर्यवेक्षक ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की अहमियत खत्म हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठे दो लोगों ने पूरी पार्टी का केन्द्रीकरण कर दिया है और पार्टी में जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि मंत्री तक धरने पर बैठ रहे हैं, जबकि कांग्रेस जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को साथ लेकर परिवार की तरह चलने वाली पार्टी है। सुण्डा ने दावा किया कि कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ हनुमानगढ़ नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत और आम जनता के बीच काम करने वाले लोगों के दम पर चुनाव लड़ेगी तथा कांग्रेस विचारधारा में विश्वास रखने वाले और जनता की सेवा करने वाले लोगों के सहयोग से बोर्ड का गठन करेगी।
पैनल से लेकर सर्वे तक चला मंथन
ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ने बताया कि नगर परिषद चुनाव के लिए वार्डांे से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने टिकट के लिए आवेदन किए थे। इन आवेदनों पर स्थानीय स्तर पर विचार-विमर्श के बाद प्रत्येक वार्ड से दो से तीन दावेदारों के नामों का पैनल तैयार कर जयपुर प्रदेश स्तर पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से अपने स्तर पर सर्वे भी करवाया गया।

इसके बाद सर्वे और पार्टी स्तर पर हुए मंथन के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया गया। पीसीसी के निर्देश पर पर्यवेक्षक दिनेश कुमार सुण्डा हनुमानगढ़ पहुंचे और पार्टी सिंबल के साथ प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई। जिनेन्द्र जैन ने दावा किया कि हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र की जनता में कांग्रेस को लेकर उत्साह है और पार्टी को सभी वार्डांे में अच्छा जनसमर्थन मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार नगर परिषद हनुमानगढ़ में अपना बोर्ड बनाने में सफल होगी। भाजपा पर निशाना साधते हुए जैन ने कहा कि प्रदेश में करीब ढाई साल से भाजपा सत्ता में है और जनता उसके शासन को देख चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान गहलोत सरकार ने गरीबों, किसानों और व्यापारियों के लिए जो सुविधाएं शुरू की थीं, वर्तमान सरकार ने उनमें से कई सुविधाएं बंद कर दीं। उन्होंने दावा किया कि जनता वर्तमान सरकार से परेशान है और निकाय चुनाव में इसका जवाब देने का इंतजार कर रही है। जैन ने भाजपा के नगर परिषद में बोर्ड बनाने के दावे को खारिज करते हुए कहा कि इस बार भाजपा के दावे फेल होंगे और हनुमानगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।
कांग्रेस ने इन पर जताया भरोसा
कांग्रेस पार्टी की ओर से वार्ड 1 से सोनिया देवी, वार्ड 2 से संतराम, वार्ड 3 से विजय कुमार, वार्ड 4 से गुरदीप सिंह, वार्ड 5 से अफसर अली, वार्ड 6 से विशाल कुमार, वार्ड 7 से धीरज, वार्ड 8 से लिछमा देवी, वार्ड 9 से दिनेश कुमार, वार्ड 10 से रवि कुमार, वार्ड 11 से गौरव, वार्ड 12 से ब्रह्मदेव, वार्ड 13 से अंजू बाला, वार्ड 14 से सुनीता देवी, वार्ड 15 से कान्ता, वार्ड 16 से आमीर खान, वार्ड 17 से नंदलाल सैनी, वार्ड 18 से कृष्णा, वार्ड 19 से संतोष, वार्ड 20 से हिना देवी, वार्ड 21 से सिद्धार्थ, वार्ड 22 से विमला, वार्ड 23 से साहिल कुमार, वार्ड 24 से राहुल, वार्ड 25 से लियाकत, वार्ड 26 से भंवर खां, वार्ड 27 से यश चिलाना, वार्ड 28 से अनिल कुमार, वार्ड 29 से उर्मिला, वार्ड 30 से मनमोहन सोनी, वार्ड 31 से लखवीर सिंह, वार्ड 32 से सुशीला, वार्ड 33 से सायरा बानो, वार्ड 34 से विजेन्द्र कुमार, वार्ड 35 से मोनू, वार्ड 36 से रूकसाना, वार्ड 37 से रोहित जावा, वार्ड 38 से रजनी सोलंकी, वार्ड 39 से अमित कुमार, वार्ड 40 से चंदन मोंगा, वार्ड 41 से महेन्द्र कुमारी, वार्ड 42 से असलम अली, वार्ड 43 से रजीया बानो, वार्ड 44 से लोकेन्द्र सिंह, वार्ड 45 से श्याम दास (प्रतिस्थानी उम्मीदवार रजनी), वार्ड 46 से सरोज देवी, वार्ड 47 से श्रवण कुमार, वार्ड 48 से निशा, वार्ड 49 से अमनदीप कौर, वार्ड 50 से लखविन्द्र सिंह, वार्ड 51 से अनूप, वार्ड 52 से बंशीलाल, वार्ड 53 से कौशल्या गहलोत, वार्ड 54 से सुमन कंवर, वार्ड 55 से ममता, वार्ड 56 से परमिन्द्र कौर, वार्ड 57 से सतपाल कौर, वार्ड 58 से आमीन खां, वार्ड 59 से जयदेव जोइया और वार्ड 60 से मोहित शाक्य को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
