– यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष निशा खीचड़ के नाम जारी हुआ नोटिस, प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने दी चेतावनी
हनुमानगढ़। पूर्व उपसभापति एवं वर्तमान कांग्रेस पार्षद अनिल खीचड़ के घर के बाहर रात्रि को जयपुर पुलिस का नोटिस चस्पा किए जाने का मामला सामने आया है। नोटिस उनकी बेटी निशा खीचड़ के नाम से जारी किया गया है, जो यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं। अनिल खीचड़ के अनुसार, जयपुर में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने यह नोटिस चस्पा किया है। हालांकि, दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई के बाद प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अनिल खीचड़ ने बताया कि निशा खीचड़ और राजस्थान की कुछ अन्य युवतियों ने महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न की घटनाओं तथा महिला सुरक्षा के मुद्दे पर 10 अक्टूबर को जयपुर के पत्रिका गेट पर गैर-राजनीतिक प्रदर्शन आयोजित करने की योजना बनाई थी।

अचानक सीजेपी का कॉल आने के बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। इसके बावजूद इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर जयपुर पुलिस ने उनके घर के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि निशा को फोन कर डराया-धमकाया भी जा रहा है। अनिल खीचड़ के अनुसार, निशा को शनिवार को दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था।
सरकार पर लगाए दमनकारी रवैये के आरोप
अनिल खीचड़ ने आरोप लगाया कि सरकार देशभर में युवाओं के खिलाफ दमनकारी रवैया अपना रही है और प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि चुनाव आयोग को उठ रहे सवालों पर प्रेस वार्ता कर जवाब देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल इस मुद्दे पर अपनी मांग जारी रखेंगे।
पंचायत चुनाव और नगर परिषद की व्यवस्था पर भी बोले
खीचड़ ने दावा किया कि आगामी पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस हनुमानगढ़ जंक्शन और टाउन में प्रधान बनाने के साथ जिला प्रमुख का पद भी हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत और रणनीति के साथ चुनाव लड़ेगी। निर्दलीय विधायक और उनके समर्थकों पर दर्ज मुकदमों को लेकर उन्होंने कहा कि आरोप सही हैं या गलत, यह जांच का विषय है। यदि किसी ने गलत किया है तो उसे परिणाम भुगतने होंगे, लेकिन यदि वे निर्दोष हैं तो डरने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण शहर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और नगर परिषद में व्यवस्था ठप पड़ी है। खीचड़ ने सरकार से कार्रवाई की समीक्षा करने तथा आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद में जल्द आयुक्त नियुक्त करने की मांग की।
