हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल की ओर से संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के मौके पर मंगलवार देर शाम जंक्शन स्थित श्रीगंगानगर मार्ग पर अंबेडकर चौक में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के नेतृत्व में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शांे को याद किया। इस मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। सभा को संबोधित करते हुए प्रकाश तंवर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष भर में छह प्रमुख उत्सव मनाती है, जिनमें बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के स्थापना काल से ही कार्यकर्ता बाबा साहेब के विचारों और सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए उनकी जयंती को मनाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की स्थापना के लिए संघर्ष किया। उनकी ओर से बनाए गए संविधान ने देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया। तंवर ने कहा कि भाजपा बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेकर पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा कार्यांे के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का प्रयास कर रहे हैं। केन्द्र सरकार के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहेब की सोच को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे देश के जिम्मेदार नागरिक और स्वयंसेवक के रूप में कार्य करते हुए बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। इस मौके पर पूर्व उपसभापति नगीना बाई, डॉ. भारतभूषण शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
