हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने सड़क पर विवाद के बाद लोहे की रॉड से हमला कर घायल करने और मोबाइल फोन तोड़ने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, तपराज सिंह (51) पुत्र हरकमल सिंह सोनी निवासी वार्ड नंबर 48, कड़वासरा मार्केट के पीछे, मिस्त्री मार्केट, जंक्शन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 22 जुलाई की शाम करीब 7 बजे वह हीरालाल निवासी चक ज्वाला सिंह वाला के साथ एक्टिवा स्कूटी पर कड़वासरा मार्केट से बस डिपो की ओर जा रहे थे। स्कूटी हीरालाल चला रहे थे और तपराज सिंह पीछे बैठे थे। रिपोर्ट के अनुसार, बस स्टैंड के पास पीछे से आ रही अल्टो कार नंबर आरजे 31 सीबी 6324 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मारने का प्रयास किया। नागपाल अस्पताल के पास भी कार चालक ने दोबारा स्कूटी में वाहन घुसाने की कोशिश की। इसके बाद ओवरब्रिज के पास स्थित श्री स्वीट्स के निकट कार चालक ने अपनी गाड़ी रोक दी। तपराज सिंह और हीरालाल ने भी स्कूटी रोककर चालक से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की बात कही। इस दौरान कार चालक गाड़ी से लोहे की रॉड निकालकर बाहर आया और तपराज सिंह के बाएं हाथ एवं पैर पर हमला कर दिया। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हमलावर ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और बाद में कार लेकर मौके से फरार हो गया। परिवादी ने बताया कि घटना के बाद उसने टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में उपचार कराया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल अमरचंद को सौंपी है।
