हनुमानगढ़। जिले में महिला सुरक्षा को लेकर कालिका पेट्रोलिंग टीम लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में कालिका पेट्रोलिंग टीम की यूनिट-3 की सदस्य माया और सुनीता द्वारा शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त की गई।

गश्त के दौरान टीम ने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में पहुंचकर महिलाओं के लिए जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। सेमिनार में उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

साथ ही उन्हें सुरक्षा के लिए तकनीक का उपयोग करने के प्रति जागरूक करते हुए राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके।

इसके अलावा टीम द्वारा राज्य सरकार की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1098 और 1930 के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई और महिलाओं से इन सेवाओं का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने की अपील की गई। इस दौरान महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की।

