– नहर के खाले और रास्ते के विवाद से जुड़ा मामला, पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई रोकने की मांग
हनुमानगढ़। गांव रामसरा नारायण निवासी किसान सुभाष चन्द ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर टाउन थाना पुलिस पर बार-बार फोन कर थाने बुलाने और परेशान करने का आरोप लगाया है। किसान ने मामले में हस्तक्षेप कर पुलिस कार्रवाई रोकने की मांग की है। सुभाष चन्द ने बताया कि उसकी कृषि भूमि चक नम्बर 20 एचएमएच में स्थित है। खेत की सिंचाई के लिए सिंचाई विभाग की ओर से स्वीकृत नाका एवं खाला निर्धारित है, जिसके माध्यम से उसे पानी मिलता है। किसान का आरोप है कि खाले और उससे सटे रास्ते पर कुछ काश्तकारों की ओर से अतिक्रमण किया गया हुआ है, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि दो माह बाद सिंचाई पानी आने पर 2 जून को उनकी पानी की बारी थी, लेकिन खाला पूर्व में ध्वस्त किए जाने के कारण वह अपने खेत में पानी नहीं लगा सके। इस संबंध में उन्होंने पहले भी सिंचाई विभाग को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन विभाग ने न्यायालय के स्थगन आदेश का हवाला देते हुए कार्रवाई नहीं की। प्रार्थी के अनुसार बाद में एक सिविल वाद में प्राप्त न्यायालयीन आदेश के बाद सिंचाई विभाग ने सभी पक्षों से समझाइश कर शांतिपूर्ण तरीके से कच्चे खाले का पुनर्निर्माण करवाया। इसके बावजूद एक पक्ष की ओर से टाउन पुलिस थाना में रास्ता खुर्द-बुर्द करने की शिकायत दर्ज करवाई गई। सुभाष चन्द का कहना है कि वह किसी भी मुकदमे में पक्षकार नहीं हैं, फिर भी पुलिस लगातार फोन कर उन्हें थाने बुला रही है, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा टाउन पुलिस थाना की ओर से की जा रही कार्रवाई को बंद करवाया जाए। उन्होंने कहा कि वह किसी विवादित प्रकरण के पक्षकार नहीं हैं और अनावश्यक रूप से परेशान किए जा रहे हैं। इस मौके पर कृष्णलाल, देवीलाल सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
